दस लाख रुपये की फिरौती के लिए दोस्तों ने किडनैप कर मार डाला
पटना
बिहार के पटना में एक और दिलदहलाने वाली वारदात। दस लाख की फिरौती वसूलने के लिए पटना से अपहृत स्नातक छात्र रामबाबू (19) की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या को अंजाम देने वाले उसके दोस्त ही हैं। दोस्त जिस कार से उसे ले गये थे, उसी कार में हत्या की गई। बाद में उसकी लाश पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि में फेंक दी।
पुलिस ने लाश हरसिद्धि थाने के गोविन्दापुर वृति टोला नहर के समीप 31 जनवरी को बरामद की। पहचान नहीं होने पर हरसिद्धि थाने की पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के 11 दिनों बाद फोटो से उसकी पहचान पटना जिले के शास्त्रीनगर थाने के पुनाईचक मोहल्ले के रामबाबू (19) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक रामबाबू को उसके ही खास दोस्त व ट्रैफिक सिपाही एनके मिश्रा के बेटे नवनीत कुमार ने अपने तीन साथियों बेतिया निवासी रितेश कुमार, गोलू व बिट्टू के साथ मिल कर मौत के घाट उतारा था। अपहरण के पीछे परिजनों से दस लाख रुपये की फिरौती वसूलना मुख्य मकसद था। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपित नवनीत को पुनाईचक और रितेश व गोलू को बेतिया से गिरफ्तार किया, जबकि हरिसिद्धि का चौथा आरोपी बिट्टू लुधियाना भागने में सफल रहा। घटना में इस्तेमाल कार जब्त कर ली गई गयी है, जबकि पिस्टल बरामद नहीं की जा सकी है।

पाठको की राय